ग्वालियर में कैंसर पहाड़ी के रास्ते से घर वापस जा रही बुजुर्ग महिला पर अज्ञात बदमाश ने जानलेवा हमला कर उसे लूट लिया। बदमाश ने महिला के सिर में सरिया मारकर उसे घायल कर दिया। फिर उसके गहने और कुछ नगदी लूट कर फरार हो गया। घटना कंपू थाना क्षेत्र के कैंसर पहाड़ी की है। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ मामला दर्ज कर किया है।
दरसअल कंपू थाना क्षेत्र के अवाडपुरा पिछोर की पहाड़ियां में रहने वाली 70 साल की बुजुर्ग महिला सादिया खान कैंसर पहाडी के रास्ते आमखो से घर वापस जा रहीं थीं। जब वहां वह बीच रास्ते में थी तभी बदमाश ने उसका रास्ता रोक लिया। वह उनसे गहने और पैसे छीनने लगा। महिला ने विरोध किया तो बदमाश ने सरिये से उस पर हमला कर दिया। सरिया सिर में लगने के वहां लहुलुहान होकर जमीन पर गिर पडी। बदमाश उनके सोने के टॉप्स, चूड़ी और एक हजार रुपए नगद लूटकर फरार हो गया। तभी वहां से निकल रहे राहगीर ने महिला को घायल देखा तो पुलिस को खबर दी।
पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला को इलाज के लिए जयरोग्य अस्पताल में भर्ती कराया। घायल महिला ने पुलिस को बताया कि हमला करने वाला बदमाश केवल अंडरवियर पहने हुए था। फिलहाल पुलिस ने घायल महिला की शिकायत पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है पुलिस का कहना है आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।